बिलासपुर में धर्मांतरण को लेकर बवाल, महिला बोली- पति और सास ने बनाया दबाव

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में धर्मांतरण का सिलसिला नहीं थम रहा है। रविवार को शहर की एक महिला ने अपने पति और सास पर जबरन धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। वहीं, दूसरी घटना में प्रार्थना सभा को लेकर जमकर हंगामा हो गया। बजरंग दल और हिंदूवादी संगठनों ने प्रार्थना सभा के नाम पर हिंदुओं को धर्म बदलने के लिए ब्रेनवॉश करने का आरोप लगाया है। मामला सिविल लाइन और पचपेड़ी थाना क्षेत्र का है।

Advertisement1

भारतीय नगर की रहने वाली पूजा सोनी रविवार की रात अपने बच्चे को लेकर हिंदूवादी संगठनों के साथ सिविल लाइन थाना पहुंची। सोनी परिवार की महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति दुर्गेश सोनी और सास जानकी सोनी मिलकर उसे धर्म बदलने के लिए दबाव डाल रहे हैं। महिला का कहना है कि वो हिंदू धर्म को मानती है। लेकिन, उसका पति क्रिश्चियन धर्म मानने के लिए पिछले दो-तीन साल से परेशान कर रहा है।

मूर्ति पूजा के बजाए प्रार्थना करने बनाता है दबाव

महिला ने बताया कि उसका पति उसे देवी-देवताओं की मूर्ति की पूजा करने के लिए मना करता है। प्रार्थना करने के लिए दबाव बनाता है। चंगाई प्रार्थना करने से उसकी समस्या दूर होने का दावा करता है। प्रार्थना के लिए के लिए उसे जबरदस्ती चर्च भी ले गया था। महिला ने इस मामले की शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस बोली- जांच के बाद होगी कार्रवाई

सिविल लाइन टीआई विजय चौधरी ने कहा कि महिला ने अपने पति और सास के खिलाफ शिकायत की है, जिसमें उसने जबरदस्ती धर्म बदलने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर केस कर जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रार्थना सभा को लेकर मचा बवाल

दूसरी घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की है, जहां एक गांव में प्रार्थना सभा के नाम पर धर्मांतरण कराने का आरोप लगा है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने गांव पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया और प्रार्थना सभा का विरोध किया। उनका आरोप है कि हिंदू समाज की महिलाओं और बच्चों को प्रार्थना सभा में बुलाकर बरगलाया जा रहा था।

मामला ग्राम सुकुलकारी का है, जहां बड़ी संख्या में लोगों के साथ महिलाएं और बच्चे चंगाई सभा कर रहे थे। इसकी भनक लगते ही बजरंग दल और हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने इस मामले की शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बजरंद दल और भीम आर्मी के कार्यकर्ता आमने-सामने

सुकुलकारी गांव में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के हंगामा मचाने और विरोध प्रदर्शन करने की जानकारी लोगों ने भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी गांव पहुंच गए। इस दौरान दोनों संगठन के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराया। साथ ही मामले की शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।

Advertisements
Advertisement