Uttar Pradesh: सेना का अपमान करने वाले मंत्री को पहले बर्खास्त करे भाजपा, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह ने की मांग

Uttar Pradesh: भाजपा की तिरंगा यात्रा पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधान परिषद सदस्य दीपक सिंह ने बुधवार को तीखा हमला बोला.

Advertisement

वीडियो बयान जारी कर उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले उस मंत्री को बर्खास्त करना चाहिए जिसने सेना का अपमान किया है, तभी उसे तिरंगा यात्रा निकालने का नैतिक अधिकार है। दीपक सिंह ने सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया के संदर्भ में कहा कि देश उनकी वीरता और समर्पण पर गर्व करता है.

उन्होंने बताया कि कर्नल सोफिया ने 2016 में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व किया, और एक्सरसाइज नामक बहुराष्ट्रीय सैन्य अभ्यास में 18 देशों का नेतृत्व कर भारत का मान बढ़ाया। उनका सैन्य पृष्ठभूमि गौरवशाली है। उनके दादा, पिता और पति तीनों सेना में अधिकारी रहे हैं। उनके पिता ने भारत-पाक युद्ध में हिस्सा लिया और उकनी परदादी 1857 की क्रांति में रानी लक्ष्मीबाई के साथ लड़ी थीं.

दीपक सिंह ने कहा कि ऐसी साहसी महिला अधिकारी को भाजपा का एक मंत्री कैमरे पर पाकिस्तानी बेटी कहकर न सिर्फ उनका, बल्कि पूरे देश की सेना का अपमान कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा को सबसे पहले ऐसे मंत्री पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक आयोजन नहीं, यह राष्ट्र की आत्मा है. इसका राजनीतिक इस्तेमाल निंदनीय है। कहा कि कांग्रेस ने तिरंगे के लिए बलिदान दिया है और आज भी उसकी गरिमा के लिए प्रतिबद्ध है.

पूर्व एमएलसी ने भाजपा पर राष्ट्रवाद की आड़ में दिखावटी राजनीति करने का आरोप लगाया. कहा कि जब तक भाजपा सेना और राष्ट्रीय प्रतीकों का सच्चे मन से सम्मान नहीं करती, तब तक उसकी तिरंगा यात्रा महज दिखावा है। यह भी कहा कि जनता अब भाजपा की दोहरी नीति को भलीभांति समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी.

Advertisements