उत्तर प्रदेश : इटावा के किसानों के लिए संकट, सोलर प्लेट चोरी से फसलों की सिंचाई पर असर”

इटावा के निगोह ईकारपुर गांव में सोलर पैनल चोरी की घटनाएं किसानों के लिए चिंता का विषय बन गई हैं। हाल ही में किसान बृजेंद्र सिंह भदोरिया के खेत से चोरों ने एक दर्जन सोलर प्लेटें चुरा लीं। यह घटना उस समय सामने आई जब किसान सुबह करीब 10 बजे अपने खेत पहुंचे। यह पहली बार नहीं था, इससे पहले 29 दिसंबर 2024 को भी इसी खेत से पांच सोलर प्लेटें चोरी हुई थीं। दोनों मामलों में पुलिस को सूचना दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सोलर प्लेटें किसानों के लिए सिंचाई का प्रमुख साधन हैं और इनकी कीमत हजारों रुपये होती है। इनकी चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है और फसलों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है। सबसे गंभीर बात यह है कि पुलिस की कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही। किसान ने डायल 112 पर सूचना दी, लेकिन चोरों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।

स्थानीय लोग इस बात से आक्रोशित हैं कि प्रशासन की उदासीनता के कारण चोरों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि यह अकेला मामला नहीं है, बल्कि लगातार इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, जिससे उनकी खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। किसान अब उच्च अधिकारियों से गुहार लगाने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि उनकी समस्या का समाधान हो सके।

अगर इसी तरह की चोरियां होती रही, तो किसानों के लिए अपनी खेती और जीवन यापन करना मुश्किल हो जाएगा।

Advertisements
Advertisement