छत्तीसगढ़ से मजदूरी करने हैदराबाद गए एक युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि, रात के खाने में बची मछली और चावल को कुत्ते को खिलाने की बात पर विवाद हुआ। इस दौरान युवक के ही दो साथियों ने चाकू से वारकर उसे मार डाला।
जानकारी के अनुसार, बालोद जिले के भाठागांव (गुंडरदेही) निवासी देवीलाल विश्वकर्मा (24), बिरेतरा निवासी योगेश निषाद (23) और पीपरछेड़ी निवासी मुकेश साहू (20) हैदराबाद के नागोल इलाके में स्थित श्रीकृष्ण वाटर प्लांट में मजदूरी करने गए थे। रविवार रात करीब 8 बजे भोजन के बाद तीनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद योगेश और मुकेश ने मिलकर देवीलाल पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
खाने में बची मछली कुत्ते को खिलाना बना जानलेवा
फैक्ट्री में साथ काम करने वाले वेंकटेश यादव के मुताबिक, रविवार रात तीनों ने शराब पी और फिर मछली-भात खाया। जब सब्जी बच गई तो देवीलाल ने उसे कुत्ते को खिला दिया। जिससे नाराज होकर योगेश और मुकेश भड़क गए। उन्होंने कहा कि सब्जी सुबह के लिए रखनी थी। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और उन्होंने देवीलाल के पेट में चाकू मार दिया।
दो घंटे तक तड़पता रहा युवक, ऑपरेशन से पहले ही तोड़ दिया दम
हमले के बाद देवीलाल को गंभीर अवस्था में अस्पताल ले जाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चाकू इतनी जोर से मारा गया था कि उसकी आंतें बाहर आ गई थीं। दो घंटे तक इलाज की प्रतीक्षा में तड़पने के बाद उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने नागोल थाने में आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
बुजुर्ग नानी का इकलौता सहारा छिन गया
भाठागांव के सरपंच दोषण साहू ने बताया कि युवक का शव गुरुवार सुबह 5 बजे गांव पहुंचा। देवीलाल की मां का बचपन में ही देहांत हो गया था और वह अपनी बुजुर्ग नानी के साथ रहता था। जो उसी पर आश्रित थीं। उसकी मौत से नानी पूरी तरह बेसहारा हो गई हैं। तीन दिन बाद सुबह 8 बजे गांव में अंतिम संस्कार किया गया।
तीनों थे गहरे दोस्त, शराब ने छीन ली जिंदगी
ग्रामीणों के अनुसार, मृतक और दोनों आरोपी एक-दूसरे के पुराने दोस्त थे और कुछ वर्षों से हैदराबाद में साथ काम कर रहे थे। तीनों ही अत्यंत गरीब परिवार से थे और रोजगार के लिए छत्तीसगढ़ से दूर हैदराबाद गए थे। लेकिन शराब की लत उन्हें छोड़ नहीं सकी और उसी नशे में एक की जान चली गई।