पीड़िता का आरोप: DSP ने सरकारी बंगले में किया दुष्कर्म, रॉड से की पिटाई…

छत्तीसगढ़ के दुर्ग में (अजाक) थाने में पोस्टेड डीएसपी विनोद मिंज पर जया (31 साल, बदला हुआ नाम) ने शादी का झांसा देकर रेप और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पद्मनाभपुर थाने में 26 मार्च 2025 को रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से मिंज फरार चल रहे हैं।

जया के मुताबिक मिंज ने उसके साथ रेप किया, रॉड से पीटा, परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। दोनों की बातचीत का एक ऑडियो भी भास्कर के हाथ लगा है। जया ने अपने और मिंज के संबंध में कई और चौंकाने वाली बातें साझा की हैं।

तारीख 1 जुलाई 2024

दिन: मंगलवार

समय: दोपहर करीब 1 बजे

जगह: भिलाई पावर हाउस स्टेशन, छत्तीसगढ़

जया अपनी बहन के साथ रायपुर की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन का इंतजार कर रही थी। ट्रेन लेट थी, जया प्लेटफॉर्म पर ही टहलने लगती हैं। इसी बीच जया की नजर वर्दी में दूसरी ओर से आ रहे DSP विनोद मिंज पर पड़ती है।

DSP विनोद मिंज भी जया को देखते हैं। मिंज को जया का चेहरा देखकर लगा कि वो कुछ परेशान सी है। इसके बाद मिंज, जया के पास पहुंचते हैं। जया से उसका हाल जानते हैं। जया बताती है कि उसकी बहन को रायपुर जाना है। ट्रेन लेट है इसलिए दोनों परेशान हो रहे हैं।

मिंज कहते हैं परेशान होने की जरूरत नहीं है, कुछ देर में ट्रेन आ जाएगी। इसके बाद दोनों एक-दूसरे को इंट्रोड्यूस करते हैं। जया बताती है कि वो रहने वाली बिहार की है। लेकिन साल 2011 से भिलाई में ही रह रही हैं। मिंज बताते हैं कि वो भी भिलाई में अकेले ही रहते हैं।

इसके बाद मिंज, जया का मोबाइल लेते हैं। अपना नंबर डॉयल करते हैं और खुद के मोबाइल पर उसके नंबर से मिस कॉल करते हैं। मिंज, जया से कहते हैं कि आगे से कोई भी परेशानी हाे तो वो उन्हें सीधे कॉल कर सकती है। जया मुस्कुरा कर अपनी हामी देती है।

8 महीने बाद डीएसपी के खिलाफ रेप केस

इसी बीच ट्रेन के भोंपू की आवाज आती है और दोनों अपनी-अपनी दिशा चल देते हैं। इस मुलाकात के 8 महीने 2 दिन बाद यानी 26 मार्च 2025 को जया पद्मनाभपुर थाने पहुंचती है। और DSP मिंज के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने और मारपीट करने की FIR लिखवाती हैं।

FIR के बाद से मिंज फरार

मामले में पुलिस का कहना है कि FIR दर्ज होने के बाद से मिंज फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। इस बीच दैनिक भास्कर की टीम भी भिलाई पहुंची। जया का पता तलाशा और सीधे उनसे बात की। जया ने बताया कि DSP मिंज ने अपने सरकारी कमरे में उसके साथ रेप किया।

दोनों की बातचीत का एक ऑडियो भी भास्कर के हाथ लगा है। इसके अलावा जया ने अपने और मिंज के संबंध में कई और चौकानें वाली बातें भास्कर के साथ साझा की है।

सबसे पहले ये जानिए कि 26 मार्च 2025 को क्या हुआ था

दरअसल, जया ने मिंज के खिलाफ 11 मार्च 2025 को SP ऑफिस में एक शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत पर अपडेट जानने वो 26 मार्च को फिर से SP ऑफिस पहुंची। यहां DSP मिंज पहले से मौजूद थे। मिंज ने जया को देख लिया। इसके बाद मिंज ने जया को इशारे से अपनी सरकारी गाड़ी के पास बुलाया।

समझौता करने जया को मिंज अपने सरकारी कमरे में ले गए

मिंज ने जया से कहा कि उनके बीच जो भी समस्या है, आपस में बातचीत करके सुलझा लेते हैं। जया राजी हो गई। इसके बाद मिंज ने उनसे कहा कि मेरी गाड़ी के पीछे आओ। जया ने अपनी स्कूटी उठाई और मिंज की गाड़ी को फॉलो करना शुर कर दिया।

मिंज की गाड़ी दुर्ग के ट्रांजिस्ट हॉस्टल पर रूकी। यहां मिंज, जया को अपने सरकारी कमरे में लेकर गए। जया इससे पहले भी कई दफा इस कमरे आ चुकी थीं। लेकिन इस बार कमरे के भीतर आते ही मिंज का मूड बदल गया था। बातचीत करने की जगह उसने जया को पीटना शुरू किया।

कमरे में रेप, फिर रॉड से हमला

जया ने विरोध किया तो पहले मिंज ने उसके साथ रेप किया। इसके बाद रॉड से उसके पैर, कमर और हाथों पर हमला किया। जया की हथेली पर धारदार हथियार लगने के निशान भी दिखे। जया ने बताया कि ये सब करने के बाद मिंज ने कहा कि अब जाकर जहां उसकी शिकायत करनी है, कर दे। वो अब जेल जाने को तैयार है।

फोन पर मिंज ने कहा- हल्के में मत ले, परिवार का क्या होगा सोच लो

इसके बाद जया ने पद्मनाभपुर थाने में मिंज के खिलाफ FIR दर्ज कराई। जया ने हमें 11 मार्च की शिकायत के बाद अपनी और मिंज के बीच हुई बातचीत के ऑडियो भी दिए है। इस ऑडियो में DSP मिंज जया को गालियां दे रहे हैं। मिंज कहते हैं कि हल्के में ले रही हो। याद रखना तुम्हारा और तुम्हारे घर परिवार का क्या होगा।

जया बोली- पहली मुलाकात के बाद कॉल किया

जया ने बताया कि पहली मुलाकात के अगले दिन मिंज ने उन्हें कॉल किया। बताया कि कोविड के दौरान उनकी पत्नी की मौत हो गई है। दो बच्चे हैं। लेकिन वो अकेला महसूस करते हैं, उन्हें साथ की जरूरत है। इस पर जया ने बताया कि वो विडो हैं। उसके पति की मौत साल 2011 में हो चुकी है। एक बच्ची भी है।

इस पर मिंज ने कहा कि मुझे तुम्हारे बैक लाइफ से कोई मतलब नहीं, वो अगर चाहे तो दोनों साथ आगे बढ़ सकते हैं। ये बात जया को अच्छी लगी। इसके बाद जया और मिंज बाहर मिलने लगे। मिंज जहां भी जाते जया को साथ लेकर जाते। अपने हर स्पेशल ओकेशन पर वो जया को इनवाइट करते।

17 सितंबर 2024 को शादी करने का किया था वादा

जया ने बताया कि मुलाकातों के लंबे दौर के बाद मिंज ने उससे 17 सितंबर को शादी करने का वादा किया। लेकिन उनकी ड्यूटी कवर्धा कांड में लग गई और शादी नहीं हो पाई। इस इंसिडेंट के बाद वो मिंज से बेहद नाराज थीं। 21 सितंबर को मिंज उन्हें मनाने उनके घर पहुंचे। मिंज ने घर वालों से बात की और जल्द ही शादी करने का वादा किया।

सरकारी बंगले में ले जाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए

जया ने बताया मिंज पर उन्हें पूरा भरोसा हो गया कि वो उससे शादी करेंगे। इसके बाद दोनों के बीच कई बार शारीरिक संबंध बने। जया ने बताया कि मिंज अपने सरकारी आवास, ट्रांजिस्ट हॉस्टल के कमरे में उसे लेकर जाते थे। यहां पहले शराब पार्टी होती, फिर मिंज उनके साथ संबंध बनाते।

मोबाइल चेक किया तब पता चला कि मिंज शादीशुदा है

जया ने बताया फरवरी आते-आते तक उन्होंने मिंज पर शादी का अतिरिक्त दबाव बनाना शुरू कर दिया था। लेकिन बावजूद इसके वो कोई न कोई बहाना देकर इंकार कर देते। जिसके चलते उन्हें मिंज पर शक होने लगा था। इस बीच एक दिन उन्होंने उनका फोन चेक किया तो पता चला कि मिंज शादीशुदा हैं।

जया बताती हैं कि इसके बाद दोनों के बीच लड़ाइयां शुरू हो गईं। दोनों ने मिलना बंद कर दिया। सिर्फ फोन पर ही बात होती थी। जया जब भी थाने में मिंज की शिकायत की बात करती। मिंज उन्हें गालियां और जान से मारने की धमकी देने लगते। इसी बीच 11 मार्च को उन्होंने SP ऑफिस जाकर मिंज के खिलाफ शिकायत दी।

जया बोली- 10 लाख में समझौता करता चाहता था मिंज

जया का ये भी आरोप है कि DSP मिंज ने उन्हें केस नहीं करने और समझौता करने के लिए अपने स्टाफ के कुछ लोगों के हाथों 10 लाख रुपए भी भिजवाए थे। लेकिन उन्होंने पैसे लेने से मना कर दिया। इस बात से मिंज और उनके साथी और भी ज्यादा खफा हो गए थे।

मिंज के जीजा बोले- जया पैसों को लेकर ब्लैकमेल कर रही

पूरे मामले में हमने DSP मिंज का भी पक्ष जानने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका नंबर बंद आ रहा है। हालांकि उनके जीजा ने ये आरोप लगाया है कि जया ये सब पैसों के लिए कर रही है। वो मिंज को ब्लैकमेल कर उनसे पैसा ऐंठना चाहती है। वहीं मिंज के संबंध में उन्होंने कहा कि केस होने के बाद से उनकी भी उनसे कोई बातचीत नहीं हो पाई है।

Advertisements