शाजापुर जिले के सुसनेर के विधायक के खिलाफ कांग्रेस संगठन को ही शिकायत की गई है। सुसनेर के विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस से भेरू सिंह बापू ने भाजपा के विकम सिंह राणा को 12645 वोटों के अंतर से हराया था। आरोप लगाया गया है कि विधायक संघ और भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।
विधायक का पथ संचलन पर फूल बरसाता फोटो तो भेजा ही गया है, साथ ही एक वीडियो भी आलाकमान के पास पहुंचा है। इसमें विधायक कह रहे हैं मैं संघ वालों के साथ मिलकर काम करता हूं। संगठन सृजन अभियान में राहुल गांधी के फार्मूला को इसे आपसी कलह का झटका माना जा रहा है।
एक कार्यक्रम के दौरान विधायक यह कहते हुए नजर आ रहे हैं कि ‘ आप सभी का मैं सम्मान करता हूं। संघ से मैं भी जुड़ा हुआ हूं। कांग्रेसी होते हुए भी इतने पदाधिकारी मेरे परिचित हैं। और संघ के लिए मैंने इतना काम किया अभी। दो साल पहले भी एक कंप्रोमाइज कराया था।’
गौरतलब है कि कांग्रेस मध्य प्रदेश में पार्टी के अंदर रहकर भाजपा और संघ के लिए काम करने वालों की तलाश कर रही है। इसके साथ ही कांग्रेस विरोधी गतिविधियों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी है। हाल ही में दिग्विजय सिंह के भाई लक्ष्मण सिंह को पार्टी से निकाला है। उन्होंने राहुल गांधी और रॉबर्ट वाड्रा को लेकर बयान दिया था। पार्टी से निकाले जाने के बाद लक्ष्मण सिंह और मुखर हो गए हैं और अब जमकर राहुल गांधी के विरोध पर उतर आए हैं।