कुत्ते को बाइक से 1KM घसीटने का VIDEO: दोनों पैर रस्सी से बांधे, सड़क पर खून से लथपथ छोड़ा, बदमाश बोले-काटने दौड़ा रहा था

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में 2 बदमाशों ने कुत्ते का पैर बाइक पर बांधकर करीब 1 किलोमीटर तक घसीटा, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। घसीटने का वीडियो भी सामने आया है। कुत्ता सड़क पर करीब 15 मिनट तक बेहोश भी पड़ा रहा। मामला चिखली थाना क्षेत्र का है।

Advertisement

मिली जानकारी के मुताबिक कुत्ते के साथ क्रूरता करने वालों में पंकज पासवान (21) और गौरव नायक (20) शामिल है। दोनों चिखली के दीनदयाल नगर के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ बजरंग दल के लोगों ने हंगामा कर दिया।

जानिए क्या पूरा मामला ?

दरअसल, 30 मई को शाम 4 बजे 2 युवक एक काले रंग के कुत्ते को सड़क पर बाइक से घसीटते दिख रहे हैं। बाइक 35-40 की स्पीड में रही होगी। कुत्ते के दोनों पैर रस्सी से बंधे हुए हैं। वह घसीटने के दौरान खूब चिल्लाता है, फिर दर्द से बेहोश हो जाता है।

वीडियो में दिख रहा है कि दोनों युवकों को राहगीरों ने रोकने की भी कोशिश की, लेकिन फिर भी नहीं रुके। इसके बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बाइक का पीछा किया। आवाज लगाई, जिसके बाद दोनों युवक रुके। इस दौरान कुत्ता बेहोश हो गया था।

रस्सी खुलने के कुछ देर बाद भाग गया कुत्ता

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कुत्ते को छुड़वाया। बजरंग दल के कार्यकर्ता उसका इलाज कराना चाह रहे थे, लेकिन कुत्ता डरा हुआ था। वह खून से लथपथ था। कुछ देर बाद होश आते ही मौके से भाग गया। वहीं कार्यकर्ताओं ने दोनों युवकों को पकड़ लिया।

बजरंग दल के नगर सह संयोजक गौरव शर्मा ने अन्य पदाधिकारियों के साथ चिखली चौकी में शिकायत दर्ज कराई। युवकों के मुताबिक कुत्ता पागल है, उन्हें काटने के लिए दौड़ा रहा था, इसलिए उन्होंने ऐसा किया।

आरोपियों के खिलाफ होगी कार्रवाई

चिखली पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया गया है।

आरोपियों में पंकज पासवान और गौरव नायक का नाम शामिल है। आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, पशु क्रूरता अधिनियम 1960 बीएनएस के सेक्शन 325 के अनुसार आवारा कुत्तों के साथ क्रूरता करना दंडनीय अपराध है। इस अपराध में 5 साल तक के सशुल्क कारावास का प्रावधान है।

Advertisements