उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में उतराव थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव में शनिवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक देवर ने अपनी सगी भाभी की लाठी-डंडे से पीटकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, आरोपी ने भाभी की इसलिए हत्या कर दी क्योंकि वह उसका कहना नहीं मान रही थी।
बात नहीं मानने पर डंडे ने पीटकर की हत्या
पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी रामबाबू पाल की पत्नी चंदा शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर से पांच सौ मीटर दूर खेत में धान की नर्सरी निकाल रही थी। उसी समय उसका देवर राम कैलाश उर्फ गोरेलाल वहां पहुंचा और उसे पकड़कर घर ले आया। खेत में दोबारा जाने से मना किया। हालांकि कुछ देर बाद चंदा फिर से खेत में चली गई। उसके साथ गांव की दो लड़कियां भी थीं।
भाभी ने बात नहीं मानी तो इससे आक्रोशित होकर रामकैलाश खेत में पहुंचा। उसके हाथ में डंडा था। जब तक चंदा कुछ समझ पाती, वह उसे पीटने लगा। उसे तब तक पीटा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। इसके बाद आरोपित वहां से भाग निकला था।
देवर-भाभी के बीच अक्सर होता था विवाद
पुलिस ने मृतका चंदा के घरवालों से पूछताछ की तो बताया गया था कि रामकैलाश चंदा के इर्द-गिर्द मंडराता रहता था। चंदा को उसकी नीयत ठीक नहीं लगती थी, जिस कारण कई बार उसने उसे टोका भी था। इसे लेकर रामकैलाश अक्सर चंदा से विवाद करता था। दो-तीन बार उसकी पिटाई भी की थी। इस संबंध में उतरांव के थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि चंदा की हत्या करने वाले उसके देवर रामकैलाश को पकड़ लिया गया है। उसे गांव के पास से गिरफ्तार किया गया है।