कोंडागांव जिले में शादी के 3 महीने बाद ही पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद मायके वालों ने सुसराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। मायकों वालों का कहना है कि उनकी बेटी को सुसराल वालों ने मारा है, इसकी जांच होनी चाहिए।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मृतक की बहन रेणुका नायक ने कहा कि बहन का पति का दूसरी युवती से संबंध था। वह उससे बात नहीं करता था, रात-रात को दूसरी युवती के घर में ही रहता था। अपने घर भी लेट से आता था। इसे लेकर विवाद भी होता था।
दूसरी युवती से संबंध के बावजूद शादी करवाई
माकड़ी विकासखंड के मीरमिंडा गांव में 2 जून 2025 को रुचिता नायक (26 साल) की शादी राधे श्याम (31 साल) से हुई थी। शादी के 3 महीने बाद 18 सितंबर को रुचिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
रेणुका नायक का कहना है कि शादी के बाद से ही रुचिता का पति उससे बात नहीं करता था। वह किसी दूसरी लड़की से बात करता था। इसे लेकर दोनों के बीच विवाद भी होता रहता था।मृतका परेशान होकर बहन को सब बात बताया करती थी।
मायकों वालों का ये भी आरोप है कि दूसरी युवती से संबंध के बारे में सुसराल वालों को पता था। बावजूद इसके उन्होंने शादी करवाई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि राधे श्याम चौहान (31) उस युवती की पढ़ाई का खर्च भी उठा रहा था।
अस्पताल पहुंचने पर मृत मिली
मायकों वालों का कहना है कि ससुराल वालों ने कॉल पर कहा कि आपकी बेटी को अटैक आया है। जिला अस्पताल आ जाइये। वहां पहुंचे तब तक उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद सुसराल वालों पर उन्होंने हत्या का आरोप लगाया है।
पति ने थाने में रिपोर्ट लिखाई
शादी के मात्र तीन माह बाद हुई इस घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है और थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पति राधेश्याम चौहान ने ही थाने में प्राथमिक रिपोर्ट लिखाई थी, जिस पर मायके पक्ष ने सवाल उठाया कि यदि मौत सामान्य थी तो रिपोर्ट क्यों लिखाया।
मायके वालों ने इसे सामान्य मौत नहीं, बल्कि एक साजिश बताते हुए ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।
थाना प्रभारी शशि भूषण पटेल ने बताया कि पीड़ित मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डॉक्टरों की टीम जांच कर रही है और न्यायिक जांच के लिए भी पत्र लिखा जा चुका है।