छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी ने पति को करंट लगाकर मार डालना स्वीकार कर लिया है। 29 जुलाई की रात पत्नी ने पति को घर बुलाया। उसके हाथ-पैर बांध दिए। उसने पति को करंट का झटका दिया।
घर के बाहर बीच-बचाव करने पहुंचे लोग दरवाजा खुलवाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पत्नी ने पति को करंट लगाकर मार डाला। मामला बलरामपुर थाना क्षेत्र के अधौरा गांव का है।
पत्नी ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि वह अपने पति को सौतन के पास जाने नहीं देना चाहती थी, विवाद होने पर सावित्री गुप्ता ने एक्सटेंशन से तार खींचा और अपने पति को करंट लगा दिया।
1 करोड़ भी मांगे
जानकारी के मुताबिक, अधौरा निवासी मनोज गुप्ता (50 साल) ने शादी के 27 साल बाद एक दूसरी युवती से शादी कर ली थी। वह युवती साथ बलरामपुर में किराए के मकान में रह रहा था।
दूसरी शादी करने के बाद लगातार पहली पत्नी के विवाद से परेशान होकर पति ने अपनी पूरी अचल संपत्ति पहली पत्नी के नाम कर दी थी। लेकिन पहली पत्नी 1 करोड़ रुपए की मांग कर रही थी।
बाहर चिल्लाते रहे लोग, पत्नी ने करंट लगा मार डाला
29 जुलाई की देर रात करीब दो बजे मनोज गुप्ता की पहली पत्नी सावित्री गुप्ता (45 साल) ने जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंह को फोन लगाया और कहा कि आज से ये रहेंगे या मैं। धीरज सिंह ने सावित्री गुप्ता को फोन पर समझाने की कोशिश की। बात नहीं बनी तो वे अपने से साथियों के साथ अधौरा मनोज गुप्ता के घर पहुंचे।
थोड़ी कोशिश के बाद उन्होंने मनोज गुप्ता का घर खोज लिया। अंदर से चीखने की आवाज आ रही थी। उन्होंने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। जब दरवाजा नहीं खुला तो धीरज सिंह ने बलरामपुर एसपी को फोन किया।
कुछ देर में ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। दरवाजा खोला और सावित्री बेहोश होकर गिर गई।
पति ने स्वयं बांधने दिया हाथ
पुलिस को घर में मनोज गुप्ता का शव अर्धनग्न अवस्था में मिला। उसे हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सावित्री गुप्ता को भी हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया। उसे 31 जुलाई की शाम गिरफ्तार कर लिया गया।
सावित्री गुप्ता ने अपने बयान में बताया कि उसने पति से कहा कि वह उसे बांधकर रखेगी और सौतन के पास नहीं जाने देगी। मनोज गुप्ता ने स्वयं अपना हाथ-पैर पत्नी को बांधने दिया। इसके बाद विवाद होने पर सावित्री गुप्ता ने एक्सटेंशन से तार खींचा और करंट लगा दिया।
पत्नी मांग रही थी एक करोड़
परिजनों ने बताया कि मनोज गुप्ता ने एक पंडो युवती (22 साल) से दूसरी शादी कर ली थी। पहली पत्नी से उसकी दो बेटियां व एक बेटा हैं। बेटियों की शादी हो चुकी है। सावित्री अपने पति से अचल संपत्ति के अलावे एक करोड़ रुपए मांग रही थी। मनोज गुप्ता का आढ़त का कारोबार था एवं उसकी गाड़ियां भी किराए में चलती थी।
पूर्व में सावित्री गुप्ता ने पति के खिलाफ बलरामपुर थाने में मारपीट व प्रताड़ना का अपराध दर्ज कराया था। इसके अलावे महिला आयोग में भी शिकायत की थी। बलरामपुर पुलिस ने आरोपी सावित्री गुप्ता को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।