खरगोन में नवविवाहिता का आरोप है कि पति ने पेट पर लात मारी और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद गर्म चाकू से उसे 50 से ज्यादा जगह दागा। पति उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करता है। पीड़िता का भाई उसके ससुराल पहुंचा और उसे ले आया।
मामला अवरकच्छ का है। 23 साल की खुशबू की शादी 6 महीने पहले दिलीप पिपलिया से हुई थी। खुशबू का कहना है कि पति उसे पसंद नहीं करता है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात को पीड़िता से मारपीट हुई है। सोमवार को उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पीड़िता के पूरे शरीर में दागने के निशान हैं।
खरगोन एसपी धर्मराज मीणा ने बताया- खुशबू के बयान के आधार पर धर्मेंद्र पिपलिया के खिलाफ प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। घटनास्थल बड़वानी जिले के अंजड़ का है इसलिए स्थानीय पुलिस को मामला भेजा जा रहा है।
पति शराब पीकर आया और किचन में ले गया पीड़िता खुशबू ने बताया, 2 फरवरी 2025 को बड़वानी के अंजड़ के रहने वाले दिलीप पिपलिया के साथ शादी हुई थी। ससुराल में कपड़े की दुकान है, लेकिन पति कोई काम नहीं करता। शादी के बाद दहेज को लेकर कहता है- ऐसे कैसे ससुराल आ गई।
पीड़िता ने बताया, रविवार रात को पति शराब पीकर घर आया। उसने दहेज लाने के लिए कहा और मेरे पेट में लात मारी। मुझे घसीटकर किचन में ले गया। मेरे हाथ-पैर बांध दिए। सिर पर कट्टा जैसा कुछ रखकर धमकाया। गैस चूल्हे पर चाकू गर्म कर शरीर पर कई जगह दागा। सुबह इस बारे में सास-ससुर को बताया। उन्होंने दिलीप को समझाने का बोला, लेकिन बाद में कहने लगे कि मैंने ही खुद को जला लिया है।