नागौर में सुबह चाय बनाते हुए महिला जल गई। पति का आरोप है कि पत्नी को उसके पीहर पक्ष के लोगों ने जलाया है। जबकि पुलिस के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह सुबह रसोई में चाय बनाने गई थी इस दौरान उसके कपड़ों में आग गई। गंभीर हालत में महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। उसका ऊपर का आधार हिस्सा कमर तक जल गया है।
मामला नागौर के रोल थाना इलाके का सोनेली गांव का सुबह 4:30 बजे का है।
चाय बनाने के दौरान हुआ हादसा
रोल थाना इंचार्ज राधाकृष्ण मीणा ने बताया- सुबह फोन पर सोनेली निवासी भंवरी देवी (55) के जलने की सूचना मिली थी। उसको सोनेली के पास डेह स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। इसके बाद प्राथमिक उपचार देकर जोधपुर रेफर कर दिया गया है।
मीणा ने बताया- जब परिजनों से मामले को लेकर पूछताछ की तो पता चला कि महिला मानसिक रूप से बीमार है। वह आज सुबह करीब 4:30 बजे भगवान की दो-तीन मूर्तियां लेकर घर में बनी किचन में गई और चाय बनाने लगी। इसी दौरान उसके कपड़ों में आग लग गई और वह झुलस गई।
पति बोला- पीहर पक्ष के लोगों ने जलाया
मीणा ने बताया- आग लगने के बाद महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन बचाने के लिए दौड़े। लेकिन तब तक भंवरी देवी का आधे से ज्यादा शरीर जल गया। जहां स्थिति गंभीर होने पर नागौर जेएलएन अस्पताल लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद भंवरी देवी को जोधपुर रेफर कर दिया।
इधर, महिला के पति रिद्धकरण नायक ने महिला के पीहर पक्ष पर उसे जलाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है।