छत्तीसगढ़ में आज (गुरुवार) से मानसून एक बार फिर से गति पकड़ सकता है। खासकर दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में मानसूनी एक्टिविटी तेज रहेगी। मौसम विभाग ने एहतियातन बस्तर, कांकेर, सूरजपुर, कोरिया, सुकमा, रायगढ़, कोरबा सहित 19 जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं आज भी सरगुजा-सूरजपुर सहित 7 जिलों में बारिश के बाद बाढ़ आने की आशंका जाहिर की गई है।
सेंट्रल पार्ट के 14 जिलों में मौसम सामान्य रहने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सूरजपुर, बलौदाबाजार और बलरामपुर जिलों के कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई है। बलौदाबाजार में एक गांव टापू में तब्दील हो गया। धमतरी जिले में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
वहीं तापमान की बात करें तो बुधवार को सबसे अधिक टेंपरेचर 32 डिग्री सेल्सियस रायपुर और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया।
इन जिलों में बाढ़ का खतरा
मौसम विभाग ने आज भी 7 जिलों सरगुजा, सूरजपुर, जशपुर, रायगढ़, कोरिया, कोरबा और बलरामपुर में बारिश के बाद अचानक बाढ़ आने आउटलुक सर्कुलर जारी किया है।
खेत में काम कर रही महिला पर गिरी बिजली
इससे पहले बुधवार को धमतरी जिले में बिजली गिरने से लताबाई साहू (35) की मौत हो गई। वह रोपाई करने खेत गई हुई थी, तभी गरज चमक के साथ तेज बारिश हुई। वहीं प्रमोतिन निर्मलकर और ममता साहू घायल हैं। मामला रुद्री थाना क्षेत्र क्षेत्र सोरम गांव का है।
बलौदाबाजार में गांव टापू में तब्दील
बलौदाबाजार में लगातार बारिश से 600 आबादी वाला कौआडीह गांव टापू में तब्दील हो गया है। कौआडीह नाला उफान पर है। जिससे वटगन-खरतोल मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है।
सड़क पर 2-3 फीट ऊपर पानी बह रहा है। वाहनों का आना-जान पूरी तरह रुक गया है। बारिश के कारण स्कूल भी बंद हैं। कई खेत पानी में डूब गए हैं।