Vayam Bharat

समय पर ऑफिस पहुंचे, शाम को कार्यालय छोड़ने पर भी लगाना होगा अंगूठा; सामान्य प्रशासन ने जारी किए आदेश

भोपाल। देर से दफ्तर पहुंचना और समय से पहले सीट छोड़ देना… सरकारी कर्मचारियों की यह आदत अब उनके लिए मुश्किल बन सकती है। सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी कर कार्यालयीन समय की पाबंदी करने के निर्देश दिए हैं। कर्मचारियों पर निगरानी रखने दफ्तरों में थंब मशीन भी लगाई जाएंगी। साथ ही सीसीटीवी की नजर भी इनपर लगी रहने वाली है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश में सभी सरकारी कर्मचारियों को समय का पालन करने के लिए निर्देशित किया है। इसके अनुसार उन्हें सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से ऑफिस पहुंचना होगा। अपनी आमद दर्ज करने के लिए उन्हें थंब मशीन पर अंगूठा भी लगाना पड़ेगा। इसी तरह शाम को कार्यालय छोड़ने जा निर्धारित समय 6 बजे होगा। इस समय भी उन्हें मशीन पर अपनी रुखसत दर्ज करना होगी।

केंद्र ने किया है लागू

कुछ समय पहले केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों के लिए भी इसी आशय के आदेश जारी किए हैं। 5 दिन के सप्ताह की व्यवस्था वाले केंद्रीय कर्मचारियों के लिए सुबह दफतर पहुंचने और शाम को छुट्टी का समय पालन करना अनिवार्य किया गया है।

यह हो रहा है अभी

राजधानी समेत प्रदेश भर में मौजूद सरकारी कार्यालयों में समय पालन नहीं हो रहा है। निर्धारित समय के बाद ऑफिस पहुंचना और शाम को भी समय से पहले कार्यालय से निकल जाना उनकी आदत में शुमार है। सीधे जनता के संपर्क वाले विभागों में पहुंचने वाले लोगों को कर्मचारियों की इस आदत से परेशानी उठाना पड़ रही है। राजधानी स्थित विभिन्न मुख्यालय में तो उन लोगों को भी मुश्किल झेलना पड़ती है, जो प्रदेश के दूर दराज के जिलों से अपने जरूरी शासकीय कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं।

Advertisements