बिलासपुर के अरपा नदी में मछली पकड़ने गया युवक पानी की तेज बहाव में बह गया। जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। 24 घंटे बाद रेस्क्यू कर एसडीआरएफ ने युवक के शव को पानी से बाहर निकाल लिया है। बताया जा रहा है कि अरपा-भैंसाझार और बैराज का गेट अचानक खोलने से नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम लावर निवासी नकुल केवट (44) गुरुवार दोपहर अरपा नदी में मछली पकड़ने गया था। वो नदी में जाल डालकर मछली निकाल रहा था। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिससे वो तेज बहाव में आ गया। काफी देर तक उसका पता नहीं चला, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी उसके परिजन और पुलिस को दी।
गेट खोलने से बढ़ा जलस्तर
पिछले कुछ दिनों से बारिश थमने के बाद अरपा नदी का जलस्तर कम हो गया था। इस बीच पिछले सप्ताह जल संसाधन विभाग ने अरपा बैराज का गेट बंद कर दिया। बिना जानकारी दिए गेट बंद करने से कुदुदंड के निचले स्तर पर नदी किनारे के मकानों में पानी भर गया। बताया जा रहा है कि अचानक अरपा बैराज और भैंसाझार का गेट खोलने के बाद अरपा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके चलते ये हादसा हुआ।
एसडीआरएफ की मदद से 24 घंटे बाद मिली लाश
पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया। लेकिन, युवक का कुछ पता नहीं चला। रात होने के कारण उसकी तलाश नहीं की जा सकी। फिर शुक्रवार को एसडीआरएफ की टीम दोबारा पहुंची। आखिरकार, शुक्रवार की शाम घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।