बाणसागर डैम के गेट खुलते ही नदी में फंसा युवक, 6 घंटे बाद सुरक्षित निकाला गया

मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में गुरुवार शाम बाणसागर डैम के गेट खोलने के बाद एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी में मछली पकड़ रहा एक युवक तेज धार में फंस गया। छह घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना देवलौंद थाना क्षेत्र के कुमहिया गांव की है।

पुलिस के अनुसार, अल्ताफ खैरवार (34), निवासी रामपुरवा, नदी में मछली पकड़ रहा था। उसी समय डैम प्रबंधन को बढ़ते जलस्तर के चलते छह गेट खोलने पड़े। पानी का बहाव तेज होते ही अल्ताफ नदी के बीच बने टापू पर जा खड़ा हुआ और मदद के लिए जोर-जोर से आवाज देने लगा। पास में मौजूद ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनी और तुरंत देवलौंद पुलिस को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सुभाष दुबे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ को बुलाया गया। अधिकारियों ने तुरंत बाणसागर प्रबंधन से संपर्क कर गेट बंद करवाए, ताकि नदी का जलस्तर कम हो सके। देर रात करीब 8 बजे पानी का स्तर थोड़ा घटा, जिसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

करीब छह घंटे के लंबे प्रयासों के बाद युवक को सुरक्षित निकाल लिया गया। अल्ताफ ने बताया कि वह सामान्य रूप से मछली पकड़ने गया था, लेकिन अचानक पानी बढ़ गया और वह बचाव के लिए टापू पर फंस गया। ग्रामीणों की सतर्कता और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।

इस घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में डैम या नदियों के आसपास मछली पकड़ने या स्नान करने से बचें, क्योंकि अचानक गेट खोलने पर हादसे का खतरा बढ़ जाता है। फिलहाल युवक सुरक्षित है और उसे घर भेज दिया गया है।

Advertisements
Advertisement