Vayam Bharat

इंदौर से अशोकनगर जा रही बस अनियंत्रित होकर देर रात पुल से नीचे गिरी, 2 लोगों की मौत, 40 घायल

राजगढ़ में सोमवार रात इंदौर से अशोकनगर जा रही निजी बस पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बस में 55 यात्री सवार थे, जिनमें से 40 घायल हो गए। 19 का इलाज इंदौर, 3 का शाजापुर, 10 का ब्यावरा और 3 का पचोर अस्पताल में चल रहा है। घायलों में बच्चे-बुजुर्ग शामिल हैं। हादसे के बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर फरार हो गए हैं। एक महिला यात्री ने बताया कि ड्राइवर ने शराब पी रखी थी और बार-बार मोबाइल देख रहा था।

Advertisement

जानकारी अनुसार इंदौर से आकर पिछोर जा रही बालाजी बस सर्विस की बस क्रमांक UP-78-GT-3394 आगरा-मुंबई हाईवे पर पचोर के पास पुलिया से नीचे गिरी है। हादसा रात एक से डेढ़ बजे के बीच हुआ। सूचना मिलते ही पचोर थाना प्रभारी आकांशा शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से पचोर अस्पताल पहुंचाया गया। पचोर से शाजापुर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में पदस्थ आरएमओ डॉ. सचिन नायक ने बताया कि 22 घायल यात्रियों को यहां लाया गया, जिसमें से 19 गंभीर रूप से घायल थे, उनको इंदौर रेफर किया गया है।

शाजापुर से घायलों को इंदौर रेफर किया

थाना प्रभारी ने बताया कि हरिओम पिता हसरत सिंह कुशवाह निवासी भटोली अशोकनगर और एक अज्ञात की मौके पर ही मौत हो गई है। इसकी उम्र लगभग 30 साल होगी। पचोर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद 22 घायलों को शाजापुर रेफर किया गया। शाजापुर जिला अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार उपचार के बाद 19 घायलों को इंदौर रेफर किया है।

महिला बोली- ड्राइवर बार-बार मोबाइल देख रहा था

बस में सवार महिला यात्री हीरा प्रजापति ने बताया बस ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। वो बार-बार मोबाइल देख रहा था। देवास मक्सी के बीच में बस एक होटल पर एक घंटे के लिए रुकी थी। ड्राइवर ने दो बार पहले बस रोकी, तीसरी बार बस नीचे गिर गई। जैसे ही हादसा हुआ दो लड़के मेरे ऊपर आकर गिर गए। बस में सवार सभी यात्री घायल हुए हैं।

पुलिस के पास बस अनियंत्रित हो गई

घायल अमन का कहना है कि बस शाम को इंदौर के तीन इमली बस स्टैंड से रवाना हुई थी। पचोर के पहले एक ढाबे पर रुकी थी, यहां पर खाना खाने के बाद बस रवाना हुई थी। पचोर से पांच किमी पहले ब्रिज के पास बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। ड्राइवर बस को तेज रफ्तार से दौड़ा रहा था।

19 को इंदौर रैफर किया

22 गंभीर घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां से 19 को इलाज के बाद इंदौर भेजा गया। 3 का इलाज शाजापुर जिला अस्पताल में चल रहा है। इंदौर के निवासी होने से 5 को पहले ही पचोर अस्पताल से सीधे इंदौर रेफर कर दिया गया था। 10 घायलों को ब्यावरा अस्पताल भेजा गया था। 3 का इलाज पचोर अस्पताल में चल रहा था, जिनसें से 1 को छुट्टी दे दी गई है। दो अभी भर्ती हैं।

Advertisements